जामताड़ा के पुराना कोर्ट परिसर में ठंडा पेयजल केंद्र
जामताड़ा के पुराना
कोर्ट परिसर में भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शुद्ध
ठंडा पेयजल केंद्र की शुरुआत की गई है। जामिया मिस्बाह लील बनात ट्रस्ट की ओर से
इस सेवा केंद्र में ठंडे पानी के साथ साथ चना खीरा गाजर और तरबूज जैसे
ताजगी देने वाले खाद्य पदार्थों की भी व्यवस्था की गई है।इस केंद्र का उद्घाटन
वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येंद्र राउत ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मौजूद लोगों ने
ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।ट्रस्ट
के संस्थापक हाफिज नाज़ीर हुसैन ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए यह पहल की
गई है क्योंकि
कोर्ट परिसर में प्रतिदिन दूर दराज से बड़ी संख्या
में लोग आते हैं जिन्हें पेयजल और हल्के नाश्ते के लिए परेशानी होती थी।
उन्होंने कहा कि यह सेवा लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है।उन्होंने
आगे बताया कि भविष्य में सुभाष चौक समेत शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इस तरह
के पेयजल केंद्र लगाए जाएंगे ताकि राहगीरों मजदूरों रिक्शा चालकों और आम नागरिकों को गर्मी
से राहत मिल सके।वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येंद्र राउत ने कहा कि यह पहल समाज के लिए
प्रेरणादायक है और ऐसे कार्यों से जरूरतमंदों को सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने कहा
कि कोर्ट परिसर में आने वाले लोगों को अब पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।उद्घाटन
के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने ठंडा पानी और फल-सब्जियों का सेवन किया और ट्रस्ट
के इस प्रयास की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में इस
तरह की पहल बेहद उपयोगी है और इससे समाज में सेवा का संदेश भी फैलता है।















