रामगढ़ जिले के रजरप्पा क्षेत्र में डीजल चोरी की कथित बड़ी साजिश को सीसीएल प्रबंधन और रजरप्पा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में विफल कर दिया गया। देर रात की गई छापेमारी के दौरान संदिग्ध लोग मौके से फरार हो गए जबकि पुलिस ने बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है।जानकारी के अनुसार 23 मई की रात सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र स्थित बेस वर्कशॉप परिसर में कुछ लोगों द्वारा डीजल चोरी की तैयारी किए जाने की सूचना सुरक्षा विभाग को मिली थी। बताया गया कि करीब 12 से 15 लोग परिसर के आसपास जमा हुए थे।सूचना के बाद सीसीएल सुरक्षा विभाग ने रजरप्पा थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद संयुक्त टीम ने देर रात बेस वर्कशॉप इलाके में छापेमारी की। पुलिस और सुरक्षा टीम को देखकर मौके पर मौजूद लोग अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।कार्रवाई के दौरान टीम ने घटनास्थल से 5 मोटरसाइकिल 40 लीटर क्षमता वाले 9 गैलन डीजल निकालने में उपयोग होने वाले पाइप और रस्सियां बरामद की हैं। सभी सामानों को जब्त कर रजरप्पा थाना लाया गया है।पुलिस अब बरामद वाहनों और सामान के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।सीसीएल प्रबंधन की ओर से थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवेदन में कई लोगों के नामों का उल्लेख किया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।