डुमरी सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है लेकिन डुमरी प्रखंड की वृद्ध महिला तेतरी देवी के लिए यह योजना अब तक अधूरी साबित हुई है।बताया गया कि योजना के तहत तेतरी देवी को आवास स्वीकृत हुआ था और निर्माण कार्य भी शुरू किया गया लेकिन निर्माण के लिए उपलब्ध कराई गई सीमेंट खराब हो जाने के कारण काम बीच में ही रुक गया। ग्रामीणों के अनुसार कुछ ही दिनों में सीमेंट पत्थर जैसी हो गई, जिससे निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका।आर्थिक रूप से कमजोर तेतरी देवी दोबारा निर्माण सामग्री खरीदने की स्थिति में नहीं हैं जिसके कारण उनका घर अधूरा पड़ा हुआ है। हालात ऐसे हैं कि उनके पास रहने के लिए अपना घर भी नहीं बचा है और वह दूसरों के घरों में रहकर जीवन गुजारने को मजबूर हैं।ग्रामीणों का कहना है कि वृद्धावस्था में भी तेतरी देवी मजदूरी और छोटे मोटे काम कर अपना गुजारा करती हैं। उम्र बढ़ने के साथ उनकी परेशानियां भी बढ़ती जा रही हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर तेतरी देवी को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि उन्हें भी सुरक्षित आवास का लाभ मिल सके।