सदर अस्पताल में DC का औचक निरीक्षण
रांची जिला
दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का औचक
निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया
और मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण में फार्मेसी वार्ड इमरजेंसी किचन और ड्राई क्लीन
क्षेत्र की व्यवस्था की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान
ओपीडी में इलाज कराने आई दो महिला मरीजों ने शिकायत की कि डॉक्टरों द्वारा लिखी गई
दवाएं अस्पताल की डिस्पेंसरी में उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। इसके
बाद उपायुक्त स्वयं मरीज की पर्ची लेकर डिस्पेंसरी पहुंचे और जांच की। जांच में
पाया गया कि कुछ दवाएं उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को नहीं दी जा रही थीं। इस
पर उपायुक्त ने डिस्पेंसरी प्रभारी को तत्काल शो कॉज नोटिस जारी करने
और अगले आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा
कि मरीजों को नि शुल्क
दवा उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान
अस्पताल के किचन में साफ सफाई
की कमी भी पाई गई। इस पर उपायुक्त ने सिविल सर्जन को संबंधित केयर टेकर को शो कॉज करने का निर्देश
दिया। साथ ही उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों
को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उपायुक्त
मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सदर अस्पताल रांची जिले का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है
और यहां मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों
और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसेवा में किसी भी प्रकार की
अनियमितता या लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने इसे स्वास्थ्य
सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।














