जामताड़ा में जनगणना 2027 प्रशिक्षण जारी
जामताड़ा में भारत की
जनगणना 2027 की
तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को
लेकर प्रखंड सभागार में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रशिक्षण
कार्य तेजी से जारी रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में संबंधित कर्मियों ने भाग लेकर
महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।प्रशासन की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण का
उद्देश्य कर्मियों को पूरी तरह प्रशिक्षित करना है ताकि जनगणना कार्य सटीक पारदर्शी और
व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। दूसरे दिन प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण परिवारों की पहचान घर घर सर्वेक्षण की प्रक्रिया आंकड़ों के सही संकलन
तथा डिजिटल प्रणाली के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।अधिकारियों ने कहा
कि जनगणना किसी भी देश के विकास की आधारशिला होती है जिससे संसाधनों का सही वितरण और योजनाओं
का निर्माण संभव होता है। इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है
और सभी कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।प्रशिक्षण के दौरान फील्ड
में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। मास्टर
ट्रेनर प्रताप कुमार पोल योगेंद्र कुमार मिश्र अखंड ज्योति और
अखिलेश कुमार मिश्रा ने प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना कार्य अत्यंत
संवेदनशील और जिम्मेदारीपूर्ण है इसलिए प्रत्येक मकान और परिवार से जुड़ी
जानकारी का सही और सटीक संकलन बेहद जरूरी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 9:30
बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित किया जा रहा है।प्रशासनिक
अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण के बाद सभी कर्मी बेहतर तरीके से अपने
दायित्वों का निर्वहन करेंगे और जनगणना 2027 को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।















