पोटका पावरु गांव की रहने वाली हिमानी पाल ने अपनी मेहनत और लगन से शानदार सफलता हासिल करते हुए गिरी भारती हाई स्कूल हल्दीपोखर में 87% अंक प्राप्त कर सेकंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।हिमानी के पिता महेंद्र नाथ पाल एक साधारण किसान हैं जबकि माता अलादीनी पाल गृहणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बेटी की इस सफलता ने पूरे परिवार और गांव को गौरवान्वित कर दिया है।पिता महेंद्र नाथ पाल ने भावुक होकर कहा कि यह उनकी बेटी की कड़ी मेहनत का परिणाम है और जिस दिन वह अपने सपने को पूरा करेगी वह उनके जीवन का सबसे गर्व का पल होगा।हिमानी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य IAS अधिकारी बनना है ताकि वह समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा कर सकें।उन्होंने कहा कि वह एक साधारण परिवार से आती हैं लेकिन उनके अंदर आगे बढ़ने का जज्बा है और उनके पिता हर कदम पर उनका साथ देते हैं।हिमानी की यह सफलता उन सभी ग्रामीण छात्रों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने का हौसला रखते हैं।