जामताड़ा जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को जामताड़ा थाना क्षेत्र के दक्षिण बहाल स्थित ग्वालिपिपला इलाके में खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार खनन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना वैध चालान और अनुमति के बालू का उठाव एवं परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच अभियान चलाया।कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर को बालू लोड कर ले जाते हुए पकड़ा गया। जांच के समय वाहन चालक आवश्यक दस्तावेज और वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद विभागीय टीम ने ट्रैक्टर को तत्काल जब्त कर लिया।खनन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान जारी रहेगा।माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने कहा कि अवैध खनन के माध्यम से सरकार को राजस्व क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि खनिजों का परिवहन केवल वैध प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही करें।प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध बालू कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।