गिरिडीह जिले में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ खनन विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर अवैध रूप से बालू लदे कुल पांच ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है।जानकारी के अनुसार, मटरुखा पंचायत से पीरटांड़ जाने वाले फतेहपुर पुल के समीप से तीन अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए। वहीं पालमो पंचायत और बन्दरकूपी के समीप से दो अन्य अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों को जप्त किया गया।इसके अलावा महतोडीह क्षेत्र में जब अधिकारियों की टीम पहुंची तो वहां सैकड़ों ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू डंप किए जाने के साक्ष्य मिले। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही सभी तस्कर मौके से वाहन लेकर फरार हो गए। पालमो नदी और बराकर नदी के तटवर्ती इलाकों में भी छापेमारी की गई।बताया जाता है कि सदर प्रखंड के मटरुखा हजारीबाद पीरटांड़ गिरिडीह डुमरी मुख्य सड़क और बराकर नदी तट से अवैध रूप से बालू उठाकर पास के धनबाद जिले में बड़े पैमाने पर तस्करी की जाती है।पूरे मामले पर खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है और मटरुखा व आसपास के इलाकों में भारी मात्रा में अवैध रूप से बालू डंप पाया गया है। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।वहीं मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने कहा कि अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी सूरत में अवैध बालू खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।