आरा में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज डीएम ने ईवीएम वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण
भोजपुर जिले में पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में जिला
निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने ईवीएम वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा
व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों
की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से परखा। उन्होंने लॉग बुक संधारण प्रवेश और निकासी नियंत्रण प्रणाली सीसीटीवी निगरानी अग्निशमन यंत्रों तथा बैकअप सिस्टम की स्थिति की भी जांच
की। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस से जुड़ी हर गतिविधि का
रिकॉर्ड पूरी सख्ती के साथ दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन सामग्री की
सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं
की जाएगी। जिलाधिकारी ने सुरक्षा कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि बिना अनुमति अपने
निर्धारित स्थान को न छोड़ें तथा वेयरहाउस की 24 घंटे लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने वेयरहाउस परिसर को स्वच्छ सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल सहित अन्य संबंधित अधिकारी
और कर्मी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का
जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।















