नालंदा के स्कूल में मिड डे मील खाने के बाद 50 से ज्यादा बच्चे बीमार
बिहार के नालंदा जिले में मिड डे मील खाने के बाद 50 से अधिक स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया।
मामला नगरनौसा प्रखंड के मध्य विद्यालय कला कैला का है जहां बुधवार को दोपहर का भोजन खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों को उल्टी दस्त और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब कई बच्चे स्कूल परिसर में ही बेहोश होकर गिर
पड़े। घटना के बाद स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में सभी बच्चों को नगरनौसा प्राथमिक
स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए चंडी
रेफरल अस्पताल भेजा गया जबकि कुछ अभिभावक अपने बच्चों को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। पांचवीं कक्षा की छात्रा अमृता कुमारी ने बताया कि मिड डे मील में चावल और छोला चना की सब्जी दी
गई थी। छात्रा के अनुसार भोजन के दौरान सब्जी में एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी थी।
इसके बाद खाना खाने वाले कई बच्चों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। जानकारी के अनुसार एक शिक्षक ने भी वही भोजन किया था जिसके बाद उनकी भी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। स्कूल की प्रधानाध्यापिका रजनी कुमारी ने बताया कि घटना की
सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक
अधिकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चों की स्थिति की
जानकारी ली। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे
मामले की जांच में जुटा हुआ है। बच्चों के बीमार होने की असली वजह जांच रिपोर्ट
आने के बाद साफ हो सकेगी।















