भागलपुर में सोमवार रात आए भीषण तूफान के बाद शहर की बिजली व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही है  लेकिन हवाई अड्डा रोड पर अब भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है. एयरपोर्ट बाउंड्री के पास एक विशाल पेड़ पिछले करीब 60 घंटे से बिजली के तारों पर लटका हुआ है. पेड़ के भार से कई बिजली पोल टेढ़े हो चुके हैं  जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग और वन विभाग दोनों इस गंभीर स्थिति को नजरअंदाज कर रहे हैं.

एयरपोर्ट रोड पर हर पल हादसे का डर

तिलकामांझी से हवाई अड्डा जाने वाले मुख्य मार्ग पर सोमवार रात आए तूफान में एक बड़ा पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया था. गुरुवार तक भी पेड़ को हटाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.

पेड़ के दबाव के कारण दो से तीन बिजली पोल झुक गए हैं. इस व्यस्त सड़क से हर दिन सैकड़ों वाहन और राहगीर गुजरते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर तेज हवा चली तो तार टूट सकते हैं या पेड़ सड़क पर गिर सकता है.

अधिकारियों की अनदेखी पर उठे सवाल

स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि इतने बड़े खतरे के बावजूद प्रशासन की नजर आखिर इस पर क्यों नहीं पड़ रही.

लोगों का कहना है कि सोमवार से लेकर बुधवार तक कई अधिकारी इसी रास्ते से गुजर चुके हैं. बुधवार को बिजली विभाग के एमडी भी विमान से भागलपुर पहुंचे और उनका काफिला इसी सड़क से होकर निकला  लेकिन किसी ने भी इस खतरनाक स्थिति पर ध्यान नहीं दिया.

बिजली बहाल, लेकिन सुरक्षा भगवान भरोसे

तूफान के बाद शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है  जिससे लोगों को राहत मिली है. हालांकि एयरपोर्ट रोड पर गिरे पेड़ को देखकर लोग विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग सिर्फ बिजली चालू करने तक सीमित रह गया  जबकि सुरक्षा इंतजामों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है.

सूखे पेड़ों से भी बना हुआ खतरा

हवाई अड्डा मार्ग पर अब भी तीन बड़े सूखे पेड़ खड़े हैं  जिन्हें लेकर लोगों में डर का माहौल है. लोगों ने बताया कि सोमवार रात तूफान के दौरान पुलिस लाइन रोड पर पेड़ गिरने से टोटो में बैठी एक महिला घायल हो गई थी.

उस घटना के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर सूखे और कमजोर पेड़ों की कटाई शुरू की गई थी  लेकिन यह अभियान एक दिन बाद ही बंद हो गया.

वन विभाग की सुस्ती पर नाराजगी

स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि सूखे और कमजोर पेड़ों को हटाने में लगातार देरी की जा रही है.

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एयरपोर्ट रोड पर गिरे पेड़ को तुरंत हटाया जाए और सूखे पेड़ों की कटाई कर संभावित हादसों को रोका जाए.