बिहार के नवादा जिले के चर्चित पांचूगढ़ मुसहरी डायन कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करीब नौ महीने से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुसुक मांझी उर्फ महेश मांझी के रूप में हुई है. इस सनसनीखेज मामले में इससे पहले भी दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है.

यह मामला 27 अगस्त 2025 का है  जब हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचूगढ़ मुसहरी गांव में अंधविश्वास ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया था. गांव के वृद्ध गया मांझी को “डायन” के आरोप में भीड़ ने बेरहमी से पीटा और फिर करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी थी.

इतना ही नहीं  मृतक की पत्नी समुद्री देवी के साथ भी अमानवीय व्यवहार किया गया था. आरोपियों ने महिला का सिर मुंडवाया  चेहरे पर कालिख पोती और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसे पूरे गांव में निर्वस्त्र घुमाया था. बताया गया कि भीड़ उसे भी जिंदा जलाने की तैयारी में थी.

पीड़िता के बयान पर पुलिस ने 21 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी. शुरुआती जांच में सामने आया था कि गांव में आयोजित एक समारोह के दौरान डीजे बंद होने और उसके बाद फैली जादू-टोना की अफवाह ने पूरे मामले को हिंसक बना दिया.

घटना की सूचना मिलने के बाद हिसुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और किसी तरह महिला को भीड़ के चंगुल से बचाया था. वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था.

पुलिस के मुताबिक  गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है. इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास और भीड़ हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.