मिहिजाम में फर्जी लोन का बड़ा खेल? 40 परिवारों में मचा हड़कंप!
जामताड़ा: जामताड़ा जिले के
मिहिजाम में बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े कथित फर्जी लोन मामले ने तूल पकड़ लिया है।
मामले में करीब 40 परिवारों को नोटिस मिलने के बाद क्षेत्र
में चिंता का माहौल है। प्रभावित लोगों का आरोप है कि उनके नाम पर कथित रूप से लोन
से संबंधित अनियमितताएं हुई हैं, जिसकी
निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जानकारी
के अनुसार, यह मामला गरीब और
जरूरतमंद परिवारों के नाम पर कथित रूप से लिए गए ऋण से जुड़ा बताया जा रहा है।
नोटिस मिलने के बाद कई परिवारों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर पूरे मामले की
पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। मामले
को गंभीरता से लेते हुए जामताड़ा के उपायुक्त सह जिला
दंडाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच
कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा,
उसके खिलाफ
नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन
के इस आश्वासन के बाद अब प्रभावित परिवारों की निगाह जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
साथ ही यह भी उम्मीद जताई जा रही है कि जांच के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने
आएगी और यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई
होगी। फिलहाल
प्रशासन मामले की जांच की तैयारी में जुटा है।














