गुमला: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गुमला ने मंगलवार को स्थानीय पटेल चौक से टावर चौक तक मशाल जुलूस निकाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो जिला अध्यक्ष संदीप प्रसाद ने की।

कार्यक्रम के दौरान भाजयुमो नेताओं ने 22 जुलाई को रांची में प्रस्तावित JPSC कार्यालय घेराव में बड़ी संख्या में युवाओं से शामिल होने का आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष संदीप प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा राज्य के युवाओं के साथ खड़ा है और JPSC जैसे संस्थानों की निष्पक्षता बनाए रखने की मांग करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष अमन यादव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों में असंतोष है और सरकार को पारदर्शी एवं निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

भाजयुमो के जिला प्रभारी डॉ. सुरेश शर्मा ने कहा कि परीक्षा परिणाम जारी करने के तरीके और सोशल मीडिया पर वायरल कथित OMR शीट्स को लेकर अभ्यर्थियों के बीच कई सवाल उठे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सागर उरांव ने भी राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर विफल रही है।

मशाल जुलूस में निर्मल गोयल, दामोदर कसेरा, श्याम सुंदर साहू, राजेश सिंह, बबलू वर्मा, विकास सिंह, कौशल साहू, भोला चौधरी, पायल तिवारी, जयंत प्रसाद, खुशी कुमारी सहित भाजपा और भाजयुमो के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।