नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपना गोवा दौरा रद्द कर दिया। इसके बाद दिल्ली में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया।

इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, डीडीएमए, कैट्स और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

सीएम रेखा गुप्ता ने जताई चिंता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, कैट्स और सिविल डिफेंस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, एहतियात के तौर पर हादसे के बगल वाली इमारत को भी खाली करा लिया गया है। उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने संभाला मोर्चा

दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि फिलहाल सरकार का पूरा ध्यान लोगों की जान बचाने और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता पहुंचाने पर है।

मंत्री आशीष सूद ने भी घटना पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और संबंधित अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने हादसे को हृदयविदारक बताया और मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने की बात कही।

दोपहर 1:30 बजे मिली हादसे की सूचना

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके करीब 20 मिनट बाद, 1:50 बजे स्टेशन ऑफिसर नरेंद्र घटनास्थल पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचने पर एक इमारत के ढहने और कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की जानकारी मिली। इसके बाद बचाव अभियान को तेज करने के लिए अतिरिक्त संसाधन और अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया।

कई एजेंसियां रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं

सत्य निकेतन में बचाव अभियान लगातार जारी है। दिल्ली फायर सर्विस के साथ एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, डीडीएमए और सिविल डिफेंस की टीमें आपसी समन्वय से काम कर रही हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि हुई है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाना है।