हजारीबाग पुलिस ने पदमा ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक पर हुई गोलीबारी के मामले का 24 घंटे के अंदर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक लोडेड इटालियन पिस्टल बरामद होने की बात कही गई है।हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पदमा ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय कुमार महत्था के घर आने के दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन पर दो राउंड गोली चलाई थी। गोली लगने से शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस टीम ने की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी करते हुए कृष्णा महतो को सूरजपुर, पदमा से गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, कृष्णा महतो को उसकी बहन यशोदा देवी के घर से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड इटालियन पिस्टल बरामद की गई।

पूर्व विवाद में गोली मारने का आरोप

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षक के साथ उसका पहले से आपसी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण बदला लेने के लिए शिक्षक पर गोली चलाने की बात सामने आई है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चार मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।