छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के मातगांव थाना क्षेत्र के पिपुरा गांव में एक ही परिवार की तीन बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतकों में 9 वर्षीय पूनम कुशवाहा, 5 वर्षीय मनीषा और 9 माह की चाहत कुशवाहा शामिल हैं। फिलहाल तीनों की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत
बताया जा रहा है कि बालमुकुंद कुशवाहा की पांच बेटियां थीं। परिवार में अचानक तीन बच्चियों की मौत के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, एक साथ तीन बच्चियों की मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में बच्चियों की मौत की वजह को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी तक मौत के कारण को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार दुर्गेश तिवारी, ईसानगर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजपूत और मातगांव थाना प्रभारी अंकुर चौबे समेत स्वास्थ्य विभाग और फाइनेंस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया।
अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली तथा मामले से जुड़े जरूरी तथ्यों को जुटाना शुरू किया।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों बच्चियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। जांच के दौरान परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
तीन मौतों से उठे कई सवाल
एक ही परिवार की तीन बच्चियों की एक साथ मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस जांच में मौत की निश्चित वजह सामने नहीं आई है। प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।














