JPSC-JSSC विवाद पर BJP का हेमंत सरकार पर हमला, दिनेश मरांडी बोले- छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार छीने जा रहे
पाकुड़: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को पाकुड़ के ब्याहुत विवाह भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया। दिनेश मरांडी ने कहा कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित धांधली के कारण विद्यार्थियों के साथ पहले ही अन्याय हुआ है। अब जब छात्र अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं तो उन पर पुलिस की कार्रवाई की जा रही है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि रांची समेत झारखंड के कई जिलों में मुख्यमंत्री के पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। उन्होंने कहा कि यह सरकार की दमनकारी नीति को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि सरकार पुलिस के साथ-साथ अपने पार्टी कार्यकर्ताओं का इस्तेमाल कर छात्रों के आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, इन आरोपों पर सरकार या JMM की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दिनेश मरांडी ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने विद्यार्थियों की मांगों को गंभीरता से लिया था। उन्होंने कहा कि उस समय झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी नैतिकता के आधार पर तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की थी। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि अब झारखंड में JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं तो राज्य सरकार का रवैया अलग नजर आ रहा है। दिनेश मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे का समाधान दमन से नहीं, बल्कि बातचीत और निष्पक्ष जांच के जरिए किया जाना चाहिए।'छात्रों पर लाठीचार्ज दमनकारी नीति का उदाहरण'
नीट आंदोलन का उदाहरण देकर सरकार को घेरा
'लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को'














