कोलकाता। केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल को ग्रामीण विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए 1 लाख ग्रामीण मकानों के निर्माण को मंजूरी दी है। साथ ही ग्रामीण सड़कों के विकास के लिए ₹1000 करोड़ की सहायता राशि भी स्वीकृत की गई है।

यह जानकारी पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इस मंजूरी से राज्य के लाखों ग्रामीण परिवारों को लाभ मिलेगा और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

वहीं केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 31 मार्च 2027 तक अगले 9 महीनों में विकसित भारत ग्राम योजना (VB-G RAMJI) के तहत पश्चिम बंगाल को ₹8,500 करोड़ से अधिक की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। यह धनराशि ग्रामीण आवास, सड़क, आधारभूत संरचना और अन्य विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी।

केंद्र सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवास, सड़क और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो सके।