जामताड़ा। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर मंगलवार को सदर अस्पताल परिसर में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उपायुक्त का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

इस वर्ष अभियान की थीम "जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल" रखी गई है। यह विशेष अभियान 11 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जनसंख्या स्थिरता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि जागरूकता अभियान को गांव और पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

उन्होंने युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और स्वस्थ एवं सशक्त परिवार के निर्माण के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया।

सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरता के प्रति जागरूक करेगा।

कार्यक्रम के दौरान परिवार नियोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, एफपीबीटीटी (FPBTT) टीमों एवं सहियाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।