राजमहल। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने साहिबगंज जिले के उधवा एवं राजमहल क्षेत्र में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों और कर्मियों को एसआईआर का काम निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, मतदाताओं के सत्यापन, दस्तावेजों की जांच तथा नाम जोड़ने और सुधार से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की और अब तक हुए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

कोई भी पात्र मतदाता न रहे वंचित

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए बीएलओ सहित सभी संबंधित कर्मियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन का काम गंभीरता से करें और किसी भी मतदाता की समस्या को अनदेखा न करें।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है। इसलिए एसआईआर के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

22 दिसंबर को होगा अंतिम प्रकाशन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 दिसंबर को किया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय पर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि समय-सीमा का हर हाल में पालन होना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी योग्य नागरिक का नाम अनावश्यक रूप से सूची से नहीं हटे। गलत तरीके से नाम हटाने की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।