पोटका: ग्रामीण क्षेत्र में समाजसेवी किशन गुप्ता रक्तवीर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। वह अब तक जरूरतमंद मरीजों के लिए 42 बार रक्तदान कर चुके हैं। जब भी किसी जरूरतमंद को रक्त की आवश्यकता होती है और उन्हें इसकी सूचना मिलती है, वह रक्तदान के लिए पहुंच जाते हैं।

किशन गुप्ता का कहना है कि उनके रक्त की कुछ बूंदें यदि किसी की जिंदगी बचाने में काम आ सकती हैं, तो वह जरूरत पड़ने पर हमेशा रक्तदान के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है। इसी भावना और संकल्प के साथ वह लगातार रक्तदान करते आ रहे हैं।

उन्होंने लोगों से भी जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने और रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। उनका मानना है कि समय पर रक्त उपलब्ध होने से किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है।

किशन गुप्ता का यह प्रयास समाज में मानवता, सेवा और परोपकार की भावना को मजबूत करने के साथ दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करता है।