दुग्धा में कथित फर्जी वंशावली से जमीन की बिक्री, पुलिस जांच की मांग तेज
सरायकेला-खरसावां : जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत दुग्धा पंचायत में जमीन की रजिस्ट्री के लिए कथित तौर पर फर्जी वंशावली तैयार करने और ग्राम प्रधान व मुखिया के हस्ताक्षर एवं मुहर का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान दुर्योधन प्रधान और पंचायत के मुखिया मोहन बास्के ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), सरायकेला-खरसावां को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। आवेदन 17 नवंबर 2026 को सौंपा गया है। आवेदनकर्ताओं का आरोप है कि पिछले एक महीने के दौरान मौजा दुग्धा में जमीन की 8 से 10 रजिस्ट्री में ऐसी वंशावली का इस्तेमाल किया गया, जिसमें ग्राम प्रधान और मुखिया के हस्ताक्षर एवं मुहर का कथित रूप से गलत तरीके से उपयोग किया गया है। इस मामले में विक्रय केवाला संख्या 3163, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। आवेदन के अनुसार, उक्त जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित वंशावली में विक्रेता शिवू प्रधान के पिता जोगेन्द्र प्रधान को मृत दर्शाया गया है, जबकि आवेदनकर्ताओं का दावा है कि जोगेन्द्र प्रधान जीवित हैं। आवेदन में इस दस्तावेज के गवाह संख्या-1 के रूप में देवाशीष चटर्जी, पिता बैद्यनाथ चटर्जी का नाम दर्ज होने की बात भी कही गई है। ग्राम प्रधान और मुखिया ने आरोप लगाया है कि संबंधित लोगों ने आपसी मिलीभगत से कथित गलत वंशावली के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराई। आवेदनकर्ताओं के मुताबिक, ग्राम पंचायत दुग्धा में ग्रामीणों के आग्रह पर मुखिया की सहमति से वंशावली जारी की जाती है। ऐसे में ग्राम प्रधान और मुखिया के हस्ताक्षर एवं मुहर का बिना अनुमति इस्तेमाल किया जाना गंभीर मामला है। उनका कहना है कि इससे सरकारी दस्तावेजों की विश्वसनीयता प्रभावित होने के साथ संबंधित पदाधिकारियों के मान-सम्मान को भी ठेस पहुंचती है। ग्राम प्रधान दुर्योधन प्रधान और मुखिया मोहन बास्के ने SDPO से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा कथित फर्जी वंशावली तैयार करने और उसका इस्तेमाल कर जमीन की रजिस्ट्री कराने में शामिल लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। अब इस मामले में पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वंशावली में हस्ताक्षर और मुहर का दुरुपयोग हुआ है या नहीं तथा कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कितनी जमीन की रजिस्ट्री कराई गई है।जीवित व्यक्ति को वंशावली में मृत दिखाने का आरोप
मुखिया की सहमति से जारी होती है वंशावली
निष्पक्ष जांच और प्राथमिकी की मांग














