पलामू में राजस्थान CID की दबिश, मादक पदार्थ तस्करी का फरार आरोपी गिरफ्तार
पलामू :पलामू जिले के हरिहरगंज में राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुरेंद्र साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरिहरगंज थाना क्षेत्र स्थित एक तेल मिल में छिपकर रह रहा था। राजस्थान से पहुंची पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र साहू राजस्थान में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहा था। उसकी तलाश में राजस्थान पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके पलामू जिले के हरिहरगंज में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि और गिरफ्तारी की योजना बनाने के लिए राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम हरिहरगंज पहुंची। गिरफ्तारी में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों ने लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग भेष में रहकर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। इलाके की जानकारी जुटाने और उसके ठिकाने की पुष्टि करने के बाद टीम ने तेल मिल में दबिश दी और सुरेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे राजस्थान ले जाने, स्थानीय पुलिस की भूमिका और संबंधित मामले के अन्य विवरणों की आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।














