काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा: मिनी बस और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर, 26 लोगों की मौत, कई घायल
असम: असम के काजीरंगा में एक भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज के पास रंगाजान में हाथीकुली चाय बागान के नजदीक हुआ। यहां तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। मृतकों में कॉलेज के छात्र, महिलाएं और नाबालिग भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मिनी बस गोलाघाट से नगांव की ओर जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक ऊपरी असम की तरफ बढ़ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। बताया जा रहा है कि मिनी बस में सवार कई लोग कॉलेज के छात्र थे, जो कक्षाएं समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे हादसे का शिकार हो गए। कोहोरा मॉडल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक दीपम कुमार बर्मन ने बताया कि दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए नौ एंबुलेंस तैनात की गईं। स्थानीय डॉक्टरों ने 20 घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट भेजा। वहीं, अन्य घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल, बोकाखाट, गोलाघाट और जोरहाट के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में मिनी बस की तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के आसपास वाहनों के लिए गति सीमा निर्धारित है। इसके बावजूद मिनी बस तेज गति से चल रही थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। जांच में यह बात भी सामने आई है कि दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस पहले भी कई बार यातायात नियमों का उल्लंघन कर चुकी थी। जिला परिवहन कार्यालय के अधिकारी के मुताबिक, नगांव के अंजीर अली के नाम पर पंजीकृत इस बस पर तीन मार्च को जोरहाट में 102 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने के लिए 4 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इसके अलावा काजीरंगा के आसपास भी तेज रफ्तार के कारण बस का कई बार चालान किया गया था। इनमें से कुछ जुर्माने अब भी बकाया बताए जा रहे हैं। प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि हादसे के वक्त बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री तो नहीं थे। हादसे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्री रानोज पेगू घटनास्थल का दौरा करेंगे। वहीं, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा भी घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने भी दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। फिलहाल पुलिस और जिला प्रशासन हादसे की विस्तृत जांच में जुटे हैं। वाहनों की रफ्तार, यातायात नियमों के उल्लंघन और बस में यात्रियों की संख्या समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।कॉलेज से घर लौट रहे थे छात्र
9 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
तेज रफ्तार को माना जा रहा हादसे का कारण
मिनी बस पर पहले भी लग चुका था जुर्माना
मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने जताया दुख














