आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से तिरुलडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चांडिल पुलिस निरीक्षक रवि कुमार सिंह  ने की।

बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों  अंजुमन कमिटी के सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान मुहर्रम के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने  आपसी भाईचारे को मजबूत करने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशासन ने सहयोग की अपील की

पुलिस निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम आस्था  अनुशासन और त्याग का पर्व है। इसे आपसी प्रेम  भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए।

उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। साथ ही कहा कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समिति सदस्यों ने दिया सहयोग का भरोसा

बैठक में मौजूद शांति समिति और अंजुमन कमिटी के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी ने मिलकर मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव  उप प्रमुख एकराम अंसारी  गोरा चांद सिंह  विजय कुईरी सहित अंजुमन कमिटी के सदस्य और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।