रांची में पहली बार डूरंड कप की मेजबानी 26 जुलाई 2026 से संभावित शुरुआत
झारखंड की खेल
दुनिया के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। रांची पहली बार प्रतिष्ठित डूरंड
कप फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह प्रतिष्ठित
टूर्नामेंट संभावित रूप से 26 जुलाई 2026 से शुरू होगा। इसको लेकर
सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आयोजन की
तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सचिव पर्यटन कला-संस्कृति खेलकूद एवं
युवा कार्य विभाग की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में
विश्वस्तरीय आयोजन सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में
स्टेडियम की तैयारी सुरक्षा व्यवस्था लॉजिस्टिक
प्रबंधन दर्शकों के अनुभव सांस्कृतिक
कार्यक्रमों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि आयोजन को सफल और यादगार बनाने के लिए सभी विभागों के बीच
समन्वय आवश्यक है। सचिव ने कहा कि
रांची में डूरंड कप का आयोजन झारखंड में फुटबॉल के विकास को नई दिशा देगा और राज्य
को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित
करने में मदद करेगा। उन्होंने यह भी
कहा कि यह आयोजन आने वाले समय में रांची में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैचों की
मेजबानी के नए अवसर खोल सकता है। डूरंड कप 2026 के उद्घाटन समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की विशेष
प्रस्तुति आर्मी बैंड शो तथा झारखंड की लोक एवं जनजातीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगी। यह आयोजन खेल और संस्कृति का अनोखा संगम होगा। बैठक में
खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय संस्कृति निदेशालय तथा भारतीय सेना के नोडल अधिकारी सहित
अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।














