रामगढ़-पतरातू डैम के चार फाटक खोले गए, निचले इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण पतरातू डैम के कैचमेंट एरिया में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बुधवार को डैम के चार फाटक खोल दिए गए हैं। फाटक खोले जाने के बाद निचले इलाकों में पानी का बहाव तेज हो गया है और दामोदर नदी के साथ रजरप्पा की भैरवी नदी भी उफान पर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बीती रात डैम के चौथे और पांचवें फाटक को खोला गया था। इसके बाद आज तीसरे और छठे फाटक को भी खोल दिया गया। इस तरह डैम के कुल चार फाटक से पानी की निकासी की जा रही है। बताया गया है कि डैम के फाटक करीब तीन इंच तक खोले गए हैं, जिससे लगभग 800 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। फाटक खोले जाने के बाद निचले इलाकों में पानी का बहाव बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। जलस्तर बढ़ने और फाटक से पानी छोड़े जाने को देखते हुए रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज, जिला प्रशासन और पीटीपीएस परिसंपदा पदाधिकारी विवेक कुमार ने लोगों को डैम के फाटक के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलस्रोतों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। खासकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। डैम के फाटक खोले जाने से पहले जिला प्रशासन के निर्देश पर पीटीपीएस परिसंपदा पदाधिकारी विवेक कुमार की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को इसकी जानकारी दी गई। लोगों को जलस्तर बढ़ने और पानी छोड़े जाने की स्थिति में सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया। लगातार बारिश के बीच पतरातू डैम का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन की निगाह स्थिति पर बनी हुई है। आने वाले समय में बारिश और जलस्तर की स्थिति के अनुसार फाटकों से पानी की निकासी को लेकर आगे निर्णय लिया जा सकता है।800 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा
डैम के फाटक के पास नहीं जाने की अपील
फाटक खोलने से पहले कराया गया अनाउंसमेंट















