तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च को तेज प्रताप का समर्थन, बोले- छात्रों और युवाओं के हक की लड़ाई जारी रहेगी
पटना: छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च को उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने समर्थन दिया है। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तेजस्वी के मार्च का समर्थन करते हुए पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाई। तेज प्रताप यादव ने कहा कि छात्रों और नौजवानों के हक की लड़ाई लगातार जारी है। उन्होंने अपने पुराने आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दे को लेकर हुए आंदोलन में वह भी शामिल हुए थे और तीन दिन जेल में रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि तेजस्वी यादव छात्रों और युवाओं की मांगों को लेकर मार्च निकाल रहे हैं, तो जनशक्ति जनता दल की ओर से वह इस मार्च और युवाओं के हित में उठाई जा रही आवाज का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और नौजवानों की जायज मांगें पूरी होने तक उनकी पार्टी की आवाज जारी रहेगी। राजभवन मार्च के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और बाद में रिहा किए जाने के बाद तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने छात्रों पर हुई कथित फायरिंग के मामले में जिम्मेदारी तय करने और यह स्पष्ट करने की मांग की कि गोली चलाने का आदेश किसने दिया। तेजस्वी यादव ने कहा कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने रोजगार, बेरोजगारी, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के मुद्दे भी उठाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने और परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के मुद्दे पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की समस्या को जल्द से जल्द खत्म किया जाना चाहिए।तेजस्वी यादव ने सरकार से पूछे सवाल
आगे भी जारी रहेगा आंदोलन














