चक्रधरपुर में पहली बार सफल ओपन ब्रेन सर्जरी, पार्क रेन हॉस्पिटल ने बिना अग्रिम भुगतान के किया मरीज का इलाज
चाईबासा: चक्रधरपुर क्षेत्र में चिकित्सा के क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। पार्क रेन हॉस्पिटल, चक्रधरपुर में पहली बार जटिल ओपन ब्रेन सर्जरी (Decompressive Craniectomy) सफलतापूर्वक किए जाने का दावा अस्पताल प्रबंधन ने किया है। सोनुआ निवासी सोनाराम हेम्ब्रम को गंभीर ब्रेन हेमरेज के बाद बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। अस्पताल के अनुसार, मरीज के मस्तिष्क में रक्तस्राव के साथ Midline Shift की स्थिति थी। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी का निर्णय लिया। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, डॉ. दीपक के नेतृत्व वाली न्यूरो टीम ने करीब पांच घंटे तक चले ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ और उन्हें वेंटिलेटर से भी हटा दिया गया है। अस्पताल का दावा है कि चक्रधरपुर और आसपास के क्षेत्र में इस स्तर की जटिल ओपन ब्रेन सर्जरी पहले सफलतापूर्वक नहीं की गई थी। इस उपलब्धि के बाद स्थानीय स्तर पर गंभीर न्यूरो इमरजेंसी मरीजों को इलाज मिलने की उम्मीद बढ़ी है। अस्पताल के अनुसार, मरीज के परिजनों के सामने तत्काल ऑपरेशन के लिए पर्याप्त राशि जुटाने की चुनौती थी। ऐसे समय में अस्पताल की टीम ने बिना अग्रिम भुगतान या डिपॉजिट की मांग किए इलाज और सर्जरी शुरू करने का फैसला लिया। डॉ. नेहा श्री के नेतृत्व वाली क्रिटिकल केयर टीम ने मरीज की जान बचाने को प्राथमिकता दी। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि इलाज में देरी की कोई गुंजाइश नहीं थी और आर्थिक व्यवस्था बाद में भी की जा सकती थी। अस्पताल प्रबंधन ने इस सफल उपचार का श्रेय डॉ. नेहा श्री के नेतृत्व वाली क्रिटिकल केयर टीम, डॉ. दीपक के नेतृत्व वाली न्यूरो टीम और पूरे मेडिकल स्टाफ की तत्परता एवं विशेषज्ञता को दिया।5 घंटे तक चला जटिल ऑपरेशन
बिना अग्रिम भुगतान के शुरू किया इलाज
मेडिकल टीम की तत्परता से मिली सफलता














