रांची के रेलवे विकास को नई रफ्तार, पिस्का नगरी और मुरी स्टेशन के नवीनीकरण की सौगात देंगे पीएम मोदी
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल झारखंड की
राजधानी रांची को रेलवे क्षेत्र में दो बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री
द्वारा पिस्का नगरी रेलवे स्टेशन और मुरी रेलवे
स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा। इसे झारखंड में
रेलवे सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ
ने पिस्का नगरी रेलवे
स्टेशन का निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में झारखंड
में रेलवे के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। संजय सेठ ने कहा कि उनका सपना था कि पिस्का नगरी रेलवे स्टेशन को दिल्ली के
आनंद विहार रेलवे स्टेशन की तर्ज पर विकसित किया जाए, जो अब पूरा होने जा रहा है। उन्होंने
कहा कि स्टेशन के विस्तार और आधुनिकीकरण से रांची के रातू रोड सहित आसपास के
क्षेत्रों के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के कई रेलवे
स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जहां यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी
सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पिस्का
नगरी रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की गई। इस दौरान हटिया
विधायक नवीन जायसवाल, मंडल अध्यक्ष रितेश
राज, विंध्याचल
महतो, केदार महतो, डॉ. रमेश महतो, राकेश केसरी, हेमंत केसरी सहित रेलवे के डीआरएम और
अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














