कन्हैयास्थान इस्कॉन मंदिर से निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
साहिबगंज : विश्व प्रसिद्ध कन्हैयास्थान इस्कॉन
मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के माहौल में निकाली
गई। रथयात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे क्षेत्र में
"जय जगन्नाथ" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कन्हैयास्थान इस्कॉन मंदिर से भगवान
श्री जगन्नाथ, भगवान
बलभद्र और माता सुभद्रा की सुसज्जित प्रतिमाओं को भव्य रथ पर विराजमान कर
विधि-विधान के साथ रथयात्रा का शुभारंभ किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं की भारी
भीड़ के साथ रथ यात्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। यह रथयात्रा कन्हैयास्थान से निकलकर मंगलहाट चौक,
इंग्लिश, संग्रामपुर और लालमाटी होते हुए तालझारी की ओर पहुंची। करीब
छह किलोमीटर लंबी इस धार्मिक यात्रा में महिला, पुरुष, बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल
हुए। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान
जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए रथ के साथ चलते रहे। भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से
पूरा मार्ग भक्तिमय बना रहा। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की आकर्षक
साज-सज्जा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंगलहाट चौक पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत
और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। वहीं रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने
रथयात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। शांतिपूर्ण
और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई यह रथयात्रा पूरे साहिबगंज क्षेत्र में आस्था और
भक्ति का संदेश देती नजर आई।














