मधुपुर: बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से मधुपुर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के पहले दिन विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों और निर्धारित पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई गई।

इसी क्रम में मधुपुर शहरी क्षेत्र के 52 बीघा मस्जिद गली, एसएन बोस रोड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के बूथ संख्या 11 पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का शुभारंभ किया गया। सुपरवाइजर रंजीत कुमार की देखरेख में पूर्व वार्ड पार्षद सह वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजेश दुबे उर्फ गुड्डू दुबे, आंगनबाड़ी सेविका फरहत यासमीन और सहिया देवंती देवी ने संयुक्त रूप से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका फरहत यासमीन ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान 22 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर तक चलेगा। अभियान के पहले दिन रविवार को शहरी क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों सहित निर्धारित पोलियो बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जा रही है। वहीं, 23 और 24 नवंबर को आंगनबाड़ी सेविका एवं सहिया घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रह जाए।

वहीं, सुपरवाइजर रंजीत कुमार ने बूथ संख्या 11 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को दी जा रही पोलियो की खुराक और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

मौके पर उपस्थित लोगों ने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दो बूंद दवा पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण के साथ पल्स पोलियो अभियान में बच्चों की भागीदारी बेहद जरूरी है। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना और पोलियो मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करना है।