लोहरदगा में दो स्कूटियों की आमने-सामने टक्कर, 3 युवकों की मौत, 3 गंभीर घायल
लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भंडरा-लोहरदगा मुख्य पथ पर सेगरा टोली के पास हुआ, जहां दो स्कूटियों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों स्कूटियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनके सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। सीएचसी भंडरा में चिकित्सक डॉ. सन्नी कुमार ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य युवकों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सोनू उरांव (22), उदय उरांव (21) और मनीष लोहरा (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक भरनो थाना क्षेत्र के आमलिया गांव के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, तीनों एक ही स्कूटी पर सवार होकर लोहरदगा में फुटबॉल मैच देखने गए थे। मैच देखने के बाद वे वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेगरा टोली के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी स्कूटी से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। घटना के बाद भंडरा थाना पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।डॉक्टर ने तीन युवकों को मृत घोषित किया
फुटबॉल मैच देखकर लौट रहे थे युवक
पुलिस ने शुरू की जांच















