डोमचांच में शान से लहराया तिरंगा, विधायक डॉ. नीरा यादव ने शहीद स्मारक में किया ध्वजारोहण
कोडरमा: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में तिरंगा शान से लहराया और सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों के साथ-साथ विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह देशभक्ति के गीतों से माहौल गूंजता रहा। डोमचांच स्थित शहीद स्मारक परिसर में विधायक डॉ. नीरा यादव ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद ध्वजारोहण किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया। वहीं, कोडरमा उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने बागीटांड़ में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। डोमचांच प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रमुख डॉ. सत्यनारायण यादव ने ध्वजारोहण किया। डोमचांच नगर कार्यालय में नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने तिरंगा फहराया। डोमचांच अंचल कार्यालय में विकास पासवान तथा थाना परिसर में थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहारी ने ध्वजारोहण किया। इसके अलावा नवलशाही थाना परिसर में थाना प्रभारी सुमन कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों और संस्थानों में भी पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे डोमचांच क्षेत्र में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया।














