रामगढ़: JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन और 10 अगस्त को रांची में विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर कथित लाठीचार्ज एवं भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया गया। इसका असर रामगढ़ जिले के भुरकुंडा में भी देखने को मिला।

भुरकुंडा के मतकमा चौक पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और दुकानदारों से बंद को सफल बनाने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

बंद के दौरान भुरकुंडा की कई दुकानें बंद रहीं। वहीं सड़क पर चक्का जाम जैसी स्थिति बनने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ।

इस दौरान भाजपा के महामंत्री ज्योति सिंह, राजेश सोनी, भाजपा नेता योगेश दांगी, सतीश मोहन मिश्रा, शैलेंद्र कुमार, सोनू कुशवाहा, अशोक कुमार, विनोद सिंह, विजय सिंह, सुभाष दास और बाबूलाल नायक समेत कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए और आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।