चतरा: JPSC और JSSC समेत प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को चतरा बंद का असर देखने को मिला।

भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही सड़क पर उतर गए और शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से दुकानें बंद रखने की अपील की। केसरी चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता ने कहा कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं एवं नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित तौर पर लाठी-डंडे, आंसू गैस और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया गया। इसी के विरोध में भाजपा ने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी” के नारे लगाए और छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

भाजपा की ओर से कहा गया कि बंद के दौरान एंबुलेंस, मरीजों, परीक्षार्थियों, कांवरियों और अन्य आवश्यक सेवाओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान रामबिलास सिंह, प्रदीप सिंह, कपिल पासवान, सुजीत जायसवाल, चंपा सबरी, दुलारचंद साव, शिवकुमार चौबे, बनारसी साव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।