जामताड़ा: जामताड़ा जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक सकारात्मक पहल शुक्रवार को देखने को मिली। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना से जुड़ी एक लाभुक की शिकायत का मौके पर ही समाधान कर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, नाला प्रखंड के कुलडंगाल गांव की रहने वाली नमिता पाल अपने पिता के साथ मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना की लंबित सम्मान राशि नहीं मिलने की शिकायत लेकर समाहरणालय पहुंची थीं। इसी दौरान न्यायालय जाने के क्रम में पोर्टिको के पास उपायुक्त आलोक कुमार की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने स्वयं रुककर उनकी समस्या सुनी और तत्काल संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच करने का निर्देश दिया।
तकनीकी कारण से रुकी थी राशि
विभागीय जांच में पता चला कि तकनीकी कारणों से लाभुक का नाम पेंडिंग सूची में चला गया था, जिसके कारण योजना की सम्मान राशि का भुगतान नहीं हो पाया था। उपायुक्त के निर्देश के बाद विभागीय कर्मियों ने तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर तकनीकी त्रुटि को दूर कर दिया।
अगले सप्ताह खाते में आएगी तीन माह की राशि
अधिकारियों ने लाभुक को भरोसा दिलाया कि आगामी मंगलवार तक मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के तहत तीन माह की लंबित सम्मान राशि एक साथ उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी।
लाभुक ने जताया आभार
शिकायत का त्वरित समाधान होने पर नमिता पाल और उनके पिता ने उपायुक्त आलोक कुमार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इसके बाद दोनों संतुष्ट होकर अपने घर लौट गए।
जिला प्रशासन ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी, त्वरित और संवेदनशील समाधान उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे।














