धनबाद: धनबाद पुलिस ने जिले में लंबित मामलों के निपटारे और अपराध नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति का दावा किया है। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने बताया कि जून 2026 के दौरान जिले में अपराध के मामलों में करीब 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

एसएसपी के अनुसार, जून महीने में कुल 409 नए आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि 460 मामलों का निष्पादन किया गया। इसके परिणामस्वरूप जिले में लंबित मामलों की संख्या घटकर 1794 रह गई है, जो पहली बार 1800 से नीचे पहुंची है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष चार हजार से अधिक मामले लंबित थे, जिन्हें लगातार अभियान चलाकर कम किया गया है।

बैठक के दौरान वारंटों के निष्पादन और फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने बताया कि जून महीने में 150 से अधिक वारंटों का निष्पादन किया गया है। इसके अलावा जिले के दागी अपराधियों का सत्यापन कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और सर्किल इंस्पेक्टरों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि अगले एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाकर उन आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा, जो कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के बावजूद फरार हैं।

एसएसपी ने यह भी दावा किया कि जिले में दर्ज होने वाले आपराधिक मामलों की संख्या में भी कमी आई है। उनके अनुसार, पहले जहां हर महीने औसतन लगभग 600 मामले दर्ज होते थे, वहीं अब यह संख्या घटकर करीब 400 रह गई है, जिसे उन्होंने अपराध नियंत्रण की दिशा में सकारात्मक संकेत बताया।

बैठक के दौरान कुख्यात अपराधी प्रिंस खान द्वारा निरसा विधायक अरूप चटर्जी और सांसद ढुल्लू महतो को कथित धमकी देने के मामले पर भी सवाल पूछे गए। इस पर एसएसपी ने कहा कि मामले की जांच अंतिम चरण में है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।