जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही जामताड़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एलपीजी गैस सब्सिडी दोबारा चालू कराने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह (भा.पु.से.) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बागडेहरी थाना क्षेत्र के सुद्राक्षीपुर गांव में छापेमारी कर विश्वजीत सरदार (19 वर्ष) को साइबर ठगी करते हुए गिरफ्तार किया। इसके बाद बागडेहरी-मुड़ाबेड़िया मार्ग स्थित पुल के समीप एक अन्य संदिग्ध को भी निरुद्ध किया गया।
LPG सब्सिडी के नाम पर करता था ठगी
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को फोन कर यह कहता था कि उनकी एलपीजी गैस सब्सिडी बंद हो गई है। इसके बाद सब्सिडी दोबारा चालू कराने के नाम पर बैंक खाता, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
6 मोबाइल और 7 सिम कार्ड जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 6 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड तथा एक आधार कार्ड बरामद किया। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर साइबर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 42/26 (दिनांक 9 जुलाई 2026) दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
जामताड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गैस सब्सिडी, बैंक खाते, केवाईसी या किसी भी सरकारी योजना के नाम पर आने वाले फोन कॉल, लिंक या मैसेज पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक विवरण, यूपीआई पिन या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करें।














