पूर्व मंत्री विमला प्रधान के आवास पहुंचे CM हेमंत सोरेन, पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को पूर्व मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता विमला प्रधान को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री लोअर करमटोली स्थित उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया। इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने विमला प्रधान के निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान और जनता के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। सीएम ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की। विमला प्रधान का शुक्रवार रात रांची के एक अस्पताल में निधन हुआ। वह 69 वर्ष की थीं। वह सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2009 और 2014 में विधायक चुनी गई थीं और झारखंड सरकार में मंत्री भी रह चुकी थीं। विमला प्रधान के निधन पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार समेत कई नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। भाजपा ने उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रांची स्थित प्रदेश कार्यालय ले जाने की जानकारी दी है।69 वर्ष की उम्र में हुआ निधन














