नई दिल्ली: भारत में डेंगू से बचाव के लिए CDSCO से मंजूर QDENGA वैक्सीन अगले साल बाजार में उपलब्ध होने की उम्मीद है। जापानी दवा कंपनी ताकेडा अपनी डेंगू वैक्सीन QDENGA को 2027 की पहली छमाही में भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

वैक्सीन के प्रचार और वितरण के लिए ताकेडा ने डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज के साथ एक्सक्लूसिव पार्टनरशिप की है। शुरुआत में यह वैक्सीन बच्चों और वयस्कों के लिए प्राइवेट बाजार में उपलब्ध कराई जाएगी।

चारों डेंगू सीरोटाइप के खिलाफ सुरक्षा का दावा

भारत में डेंगू वायरस के चार प्रमुख सीरोटाइप पाए जाते हैं। कुछ मामलों में एक से अधिक सीरोटाइप से संक्रमण भी सामने आता है। ऐसे में चारों सीरोटाइप को ध्यान में रखकर विकसित वैक्सीन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ताकेडा के अनुसार, QDENGA को डेंगू वायरस के चारों सीरोटाइप के खिलाफ सुरक्षा देने के लिए विकसित किया गया है।

43 देशों में मिल चुकी है मंजूरी

कंपनी के मुताबिक, QDENGA दुनिया की सबसे ज्यादा अध्ययन की गई डेंगू वैक्सीन में से एक है। इसके क्लिनिकल अध्ययनों में अलग-अलग आयु वर्ग के 80 हजार से अधिक लोगों को शामिल किया गया है।

कंपनी का कहना है कि 2022 में लॉन्च होने के बाद से वैक्सीन को अब तक 43 देशों में मंजूरी मिल चुकी है और दुनियाभर में इसकी 3.2 करोड़ से अधिक खुराक वितरित की जा चुकी हैं।

भारत में कीमत अभी तय नहीं

भारत में QDENGA की कीमत फिलहाल घोषित नहीं की गई है। दोनों कंपनियों के मुताबिक, कीमत को इस तरह रखने का प्रयास किया जाएगा कि अधिक से अधिक लोगों तक वैक्सीन की पहुंच हो सके। अंतिम कीमत लॉन्च के करीब तय किए जाने की बात कही गई है।

फिलहाल कंपनियों का फोकस प्राइवेट बाजार पर है। भविष्य में वैक्सीन को सरकारी टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किए जाने की संभावना पर भी अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।