धनबाद: बिहार के गयाजी से कोलकाता जा रही महारानी बस शुक्रवार देर रात धनबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार 20 से अधिक यात्रियों में से 8 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए धनबाद के SNMMCH में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित NH-19 पर हुई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और सड़क के बीच पलट गई।

घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए SNMMCH भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी। ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद बस डिवाइडर को पार करते हुए पलट गई।

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षित यात्रियों को बस से बाहर निकाला। अन्य यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।