गुमला: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की ओर से शनिवार को गुमला जिले के रायडीह प्रखंड में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के विस्तार, प्रखंड संगठन के पुनर्गठन तथा समसामयिक जन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सोमेश्वर भगत को रायडीह प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

पेपर लीक पर सख्त कानून बनाने की मांग

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल अध्यक्ष कृष्णा चीक बड़ाईक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकारें छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने में विफल रही हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड में JPSC परीक्षा से जुड़े विवाद हों या देशभर में NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाएं, इनसे लाखों मेहनती विद्यार्थियों के सपनों को झटका लगा है।

पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की उठाई मांग

कृष्णा चीक बड़ाईक ने कहा कि परीक्षा में धांधली और पेपर लीक केवल परीक्षा प्रणाली की विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के विश्वास पर भी आघात है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं सख्त कानून बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

संगठन को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा

बैठक में संगठन को प्रखंड स्तर पर और मजबूत बनाने, सक्रिय कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपने तथा गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को पहुंचाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

कई पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में गुमला जिला अध्यक्ष अनूप फ्रांसिस कुजूर, जिला मीडिया प्रभारी राजेश साहू, जिला महासचिव विनय कुमार साहू (उर्फ बंटी), जिला महासचिव सुप्रदीप कुमारी साहू, बिशुनपुर विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी यशोदा देवी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने तथा युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.