जामताड़ा  जिले में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अर्जुन लकड़ी से लदे एक टाटा पिकअप वाहन को जब्त किया। यह कार्रवाई नाला-मुर्गाबनी मुख्य सड़क स्थित भेलाडंगाल मोड़ के समीप नियमित जांच अभियान के दौरान की गई।

वन विभाग की गश्ती टीम ने जांच के दौरान एक सफेद रंग के टाटा पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी में वाहन से अर्जुन प्रजाति की 18 बोटा लकड़ियां बरामद हुईं। विभागीय अधिकारियों द्वारा मापी किए जाने पर लकड़ियों की कुल मात्रा करीब 3.2571 घनमीटर पाई गई।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक

जांच के दौरान वाहन चालक से काष्ठ परिवहन अनुज्ञा पत्र (ट्रांजिट परमिट) एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया  लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद वन विभाग ने गवाहों की मौजूदगी में लकड़ी की मापी कर जब्ती सूची तैयार की और लकड़ी सहित वाहन को जब्त कर लिया।

वन प्रक्षेत्र कार्यालय में रखा गया जब्त सामान

जब्त वाहन और लकड़ियों को सुरक्षित रूप से वन प्रक्षेत्र कार्यालय परिसर में रखा गया है। वन विभाग ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और संभावित नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।

अभियान में इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में प्रधान वनरक्षी पुलक कुमार माल वनरक्षी जाफर मियां होमगार्ड बापी दास समेत अन्य वनकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध वन उपज के परिवहन और तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।