निरसा में सड़क हादसे के मृतक के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा, विधायक अरूप चटर्जी ने सौंपा चेक
धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र के सिनेमा मोड़ के पास करीब एक सप्ताह पहले हुए सड़क हादसे में मृत मंगल भुइया के परिजनों को रविवार को मुआवजे की राशि दी गई। हाईवा की चपेट में आने से मंगल भुइया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, निरसा मध्य पंचायत निवासी मंगल भुइया बीती देर शाम अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिनेमा मोड़ के पास एक अनियंत्रित हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मंगल भुइया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया था। इसके बाद MPL प्रबंधन के साथ वार्ता हुई, जिसमें मुआवजा देने पर सहमति बनी। रविवार सुबह निरसा विधायक अरूप चटर्जी मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने मृतक के आश्रितों को कुल 10 लाख रुपये का चेक सौंपा। इसके अलावा दाह संस्कार के लिए पहले ही 50 हजार रुपये की अग्रिम राशि दी जा चुकी थी। वहीं, हादसे में घायल हुए दोनों युवकों को भी 50-50 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया। मुआवजा राशि मिलने के बाद मृतक के पुत्र ने विधायक अरूप चटर्जी की पहल की सराहना की और सहयोग के लिए उनका आभार जताया।















