स्कूल अभिभावकों का प्रदर्शन, बच्चों की कक्षाएं शुरू नहीं होने पर अभिभावकों ने किया जोरदार प्रदर्शन
पोटका: भारत सरकार के उपक्रम यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) द्वारा संचालित परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय की जादूगोड़ा समेत विभिन्न इकाइयों में शिक्षा के अधिकार के तहत नामांकित करीब 350 बच्चों की कक्षाएं शुरू नहीं होने को लेकर अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। अभिभावकों का आरोप है कि बच्चों का नामांकन होने के बावजूद अब तक उनकी नियमित कक्षाएं शुरू नहीं की गई हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अभिभावकों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। इधर, अभिभावकों के बढ़ते दबाव और विरोध प्रदर्शन को देखते हुए UCIL प्रबंधन ने सोमवार को मामले के समाधान को लेकर बैठक बुलाई है। बैठक में बच्चों की कक्षाएं शुरू करने समेत अन्य मांगों पर चर्चा होने की उम्मीद है। आंदोलन की अगुवाई कर रहे झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने चेतावनी दी है कि यदि बैठक में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरी जिम्मेदारी UCIL प्रबंधन की होगी।














