धनबाद चिरकुंडा नगर परिषद के नगर प्रबंधक मुकेश निरंजन के स्थानांतरण के अवसर पर सोमवार को नगर परिषद सभागार में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नगर परिषद के पदाधिकारियों वार्ड पार्षदों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मुकेश निरंजन ने अपने कार्यकाल में कुशल प्रशासनिक कार्यशैली सरल व्यक्तित्व और मिलनसार व्यवहार से सभी का विश्वास जीता। उन्होंने नगर परिषद के विभिन्न विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया। उनके कार्यों और समर्पण की उपस्थित लोगों ने सराहना की।इस अवसर पर कई कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनका सहयोगात्मक रवैया हमेशा प्रेरणादायक रहा। स्थानांतरण की खबर से कर्मचारी भावुक दिखाई दिए और नम आंखों से उन्हें विदाई दी।अपने संबोधन में मुकेश निरंजन ने चिरकुंडा नगर परिषद में मिले सहयोग के लिए सभी वार्ड पार्षदों अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहां का स्नेह, अपनापन और सहयोग उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।उन्होंने कोरोना काल के दौरान नगर परिषद की पूरी टीम के साथ मिलकर किए गए कार्यों को भी याद किया और सभी से जनसेवा की भावना तथा ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।समारोह का समापन मुकेश निरंजन के सम्मान और उनके नए कार्यस्थल पर सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।