कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मैरिज हॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दूल्हे की पहली पत्नी अचानक पहुंच गई और खुद को उसकी कानूनी पत्नी बताते हुए दूसरी शादी का विरोध करने लगी। मामला चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित एक मैरिज लॉन का है, जहां सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पहली पत्नी ने रुकवाई दूसरी शादी

महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में जूही लाल कॉलोनी निवासी एक इंटीरियर कारोबारी से हुई थी। वर्ष 2024 में उसकी विदाई हुई, लेकिन कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। वर्तमान में दोनों के बीच का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

महिला का आरोप है कि बिना तलाक लिए उसके पति ने दूसरी शादी की तैयारी कर ली थी।

पड़ोसी से मिली जानकारी, पहुंच गई मैरिज हॉल

महिला के अनुसार, उसे दूल्हे के एक पड़ोसी ने फोन कर दूसरी शादी की सूचना दी। इसके बाद उसने पति, ससुर और अन्य परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।

इसके बाद वह अपनी बहन के साथ सीधे मैरिज हॉल पहुंची और विवाह का विरोध शुरू कर दिया। अचानक हुए घटनाक्रम से समारोह में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया और करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा।

पुलिस ने दूल्हे को लिया हिरासत में

सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दूल्हे सहित दोनों पक्षों को चौकी ले गई, जहां देर रात तक पूछताछ और बातचीत का दौर चलता रहा।

थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मांगी गई है और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महिला ने लगाए अतिरिक्त आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि विवाद न्यायालय में लंबित होने के बावजूद उसका पति लगातार उससे व्हाट्सएप पर बातचीत करता था और महीने में कई बार मुलाकात भी करता था। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।