गुमला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गुमला जिला कार्यालय में सोमवार को जिला अध्यक्ष सागर उरांव की अध्यक्षता में प्रमंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिलों के पदाधिकारी, जिला प्रभारी, प्रवासी प्रभारी एवं मंडल अध्यक्ष शामिल हुए।बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने मंडल अध्यक्षों और प्रवासी प्रभारियों को शक्ति केंद्र एवं बूथों को सशक्त बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कार्यकर्ता विभिन्न संगठनात्मक अभियानों में सक्रिय हैं, उसी प्रकार बूथ स्तर पर भी संगठन को मजबूत करना आवश्यक है।बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। पार्टी की ओर से संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 29 जुलाई को सभी मंडलों के मंदिरों में दीपोत्सव आयोजित करने की जानकारी दी गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किए गए कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सहायता करने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का आह्वान किया।उन्होंने सोशल मीडिया पर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे कथित नकारात्मक प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की भी बात कही। साथ ही कहा कि आने वाले पंचायत चुनावों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका संगठन के लिए महत्वपूर्ण होगी।बैठक का संचालन जिला महामंत्री संदीप प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लोहरदगा जिला अध्यक्ष अजय पंकज ने किया। इस अवसर पर सुदर्शन भगत, समीर उरांव, मनोज सिंह, मुनेश्वर साहू, मनीर उरांव, विनय कुमार लाल, दीपक पुरी, सुबोध सिंह गुड्डू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।नोट: इस खबर में व्यक्त विचार और राजनीतिक टिप्पणियां बैठक के दौरान भाजपा नेताओं द्वारा दिए गए वक्तव्यों पर आधारित हैं।